दो दिन के साफ मौसम के बाद देहरादून में सोमवार की सुबह बादलों ने डेरा जमा लिया। हालांकि धूप निकल आई।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। रविवार को दोपहर बाद से ही बादलों ने डेरा जमा लिया था। हालांकि शाम तक बारिश तो नहीं हुई लेकिन पारे में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है। विभाग के निदेशक डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं विशेषकर उत्तरकाशी और चमोली के ऊंचाई वाले स्थानों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
तीन हजार मीटर तक की ऊंचाई वाले स्थानों पर एक से पांच सेंटीमीटर तक बर्फ पड़ सकती है। दून में बादल छाये रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित होने की संभावना है। हालांकि दून में हल्की बौछारों को छोड़कर तेज बारिश के आसार नहीं हैं।