भीषण बारिश के चलते उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में बड़ी तादाद में लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में टिहरी की घनसाली एवं उत्तरकाशी की चिन्यालीसौड़ तहसील रहीं, जहां अत्यधिक वर्षा से त्वरित बाढ़ व मलवा आने की घटनाएं हुईं। इसके चलते सौ से ज्यादा परिवार और पशु प्रभावित हुए हैं।
तहसील घनसाली में घनसाली बाजार, चमियाला बाजार, सीताकोट, गिरगांव, कोठियाड़ा, सिलयारा, अरधांगी एवं कोट में वर्तमान तक लगभग 100 परिवारों के प्रभावित होने के साथ ही 110 मकानों, 34 पशुओं तथा एक व्यक्ति के बहने की सूचना है। ग्राम सीता कोट में चार बैल व पांच भवनों की क्षति, ग्राम-कोटियाड़ा में 100 भवनों व 30 पशुओं की क्षति, ग्राम-गिरगांव में एक भवन, ग्राम-सिल्यारा में तीन भवनों एवं ग्राम श्रीकोट में एक भवन की क्षति की सूचना है।
जिले से प्राप्त सूचना के अनुसार ग्राम-सरूणा, तहसील-घनसाली से विपुल पुत्र श्री सूरत राम के बहने की सूचना भी प्राप्त हुई है, जबकि चमियाला-घनसाली मोटर मार्ग कई स्थानों पर टूटने के कारण अवरुद्ध है। लोक निर्माण विभाग द्वारा पांट जे.सी.बी. मशीनों की सहायता से अवरुद्ध मार्ग को दोबारा शुरू करने की कार्रवाई की जा रही है।
प्रभावित परिवारों के 300 व्यक्तियों को अस्थायी रूप से बीज गोदाम, 250 व्यक्तियों को वैलेश्वर सामुदायिक भवन एवं 150 व्यक्तियों को स्थानीय आश्रम में ठहराया गया है। प्रभावित परिवारों के भोजन-पानी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। खोज एवं बचाव कार्य राजस्व विभाग, एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस द्वारा किया जा रहा है।