पहाड़ पर आपदा का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार को रुद्रप्रयाग में एक युवक मंदाकिनी में बह गया तो उत्तरकाशी जिले में पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मूसलाधार बारिश से यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे बंद होने और खुलने का सिलसिला जारी है। इससे केदारनाथ यात्रा भी प्रभावित हुई है।
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र में चंद्रापुरी बाजार के निकट मंदाकिनी नदी पर लगी ट्राली में बैठने के दौरान पैर फिसल जाने से नैली गांव निवासी मनोज सिंह (26) पुत्र लखपत सिंह नदी में जा गिरा और तेज बहाव में बह गया। युवक अपनी पत्नी के साथ घर को लौट रहा था।
घटना से गुस्साए लोगों ने करीब साढ़े चार घंटे तक रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग जाम किया। जिलाधिकारी ने नदी में बहे युवक के परिजनों को तत्काल दो लाख रुपये की त्वरित मदद देने की बात कही है।
उधर, उत्तरकाशी जिले के नौगांव ब्लाक के सिमलसारी गांव निवासी बुद्धि लाल (42) पुत्र भीमलाल बुधवार सुबह करीब सात बजे खेतों से टमाटर की फसल निकालने जा रहा था। गांव के पास ही अचानक पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आने से वह करीब पचास मीटर गहरे खड्ड में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।