सोमवार को बारिश से कुछ राहत मिलने के बाद मंगलवार की सुबह कोहरे और झमाझम बारिश के साथ शुरू हुई। लेकिन सुबह दस बजे बाद धूप निकल आई।
राजधानी देहरादून में तड़के से हो रही झमाझम बारिश सुबह दस बजे तक लगातार होती रही। जिससे सड़कें तालाब बन गई। उधर, केदारनाथ घाटी में भी सुबह से बादल छाए रहे।
देहरादून में सोमवार को मौसम के दो रंग देखने को मिले। दोपहर तक पूरे शहर में धूप का असर रहा। दोपहर बाद अचानक शहर के बीचोंबीच स्थित प्रिंस चौक व आसपास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई। आधा घंटे में ही 22.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान जताया था।
सुबह से बादलों के बीच से धूप खिलने से पारा रविवार के 24 डिग्री के मुकाबले चढ़कर 30.3 डिग्री पहुंच गया। दोपहर बाद अचानक बादलों की आहट हुई लेकिन बारिश सिर्फ प्रिंस चौक, कचहरी, ईसी रोड के आसपास के इलाकों में ही हुई। बारिश इतनी तेज थी कि आधा घंटे में ही सड़कों में जलभराव हो गया।
मौसम विभाग ने दून में आधा घंटे में 22.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की। मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि राजधानी में मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बारिश भी होने की संभावना है। हालांकि उन्होंने तापमान सोमवार के मुकाबले कुछ कम रहने का अनुमान जताया।
16, 17 को एहतियात बरतें चारधाम यात्री
16 एवं 17 को चारधाम यात्रा मार्गों सहित कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने एहतियात बरतने की सलाह दी है। सोमवार को प्रदेशभर में बारिश जारी रही। चारधाम यात्रा मार्गों पर कई जगह 80 मिमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के निदेशक आनंद शर्मा ने बताया कि 16, 17 जुलाई को प्रदेशभर में भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में 15 जुलाई को अपेक्षाकृत भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद के दो दिनों के लिए चेतावनी है। यहां भारी बारिश के चलते यात्रियों को भूस्खलन वाले इलाकों से बचने की सलाह दी गई है।