रेलवे के सीनियर ट्रैफिक इंस्पेक्टर (पार्सल सेक्शन) सुनील कुमार बलूनी की खुदकुशी के बाद रेलवे प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। रविवार को रेलवे के कई उच्चाधिकारियों ने जनशताब्दी के गार्ड और पार्सल कर्मचारियों से गहन पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, पार्सलों के खेल को जानने के लिए अब अधिकारी सभी ट्रेनों के कर्मचारियों से पूछताछ करेंगे। पूरे मामले की तह तक जाने के लिए रेलवे ने उच्च स्तरीय कमेटी का भी गठन किया है।
बलूनी की मौत रेलवे में फैले भ्रष्टाचार की भी पोल खोल रही है। रविवार को अधिकारियों की टीम ने जनशताब्दी एक्सप्रेस के सभी गार्ड और अन्य कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, कर्मचारियों से पूछा गया कि कैसे माल सप्लाई किया जा रहा है।
इसके साथ ही बिना कागजों के माल आने पर कहां से दबाव आता है और दलाल कैसे माल को पार करते हैं। सूत्रों के अनुसार, टीम अब सोमवार को दून आने वाली सभी ट्रेनों के स्टाफ से भी पूछताछ करेगी।