देहरादून। नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं पर उत्तराखंड का अपमान करने का आरोप लगाया है। भट्ट ने कहा कि इन दोनों नेताओं में उत्तराखंड के सम्मान को ठेस पहुंचाने की होड़ लगी है।
भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को विलेन बताकर देश और उत्तराखंड का अपमान किया था। अब अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताकर पूरी देवभूमि का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा की राजनीति उत्तराखंड की अस्मिता पर हमला करने तक सिमट कर रह गई है।
भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी को अजीत डोभाल के योगदान को राजनीतिक चश्मे से देखने की बजाय देशहित की दृष्टि से देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को समझना होगा कि उत्तराखंड के लोग किसी राजनीतिक दल की कृपा से नहीं, बल्कि अपनी मेहनत, प्रतिभा, राष्ट्रसेवा और बलिदान के दम पर देशभर में सम्मान अर्जित करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस देवभूमि के वीर सपूत देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी प्रदेश के लोगों को घुसपैठिया बताना अपमानजनक है। ब्यूरो