मेयर सुनील उनियाल गामा ने बताया कि शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल देश के लिए शहीद हुए हैं। उनकी याद में नेशविला रोड पर शहीद विभूति शंकर ढौंडियाल द्वार का निर्माण किया जाएगा। पहले यह द्वार उनके आवास के पास बनाया जाना था, लेकिन अब इसे राजपुर रोड से नेशविला रोड मुख्य मार्ग पर बनाया जाएगा।
जैश ए मोहम्मद के खिलाफ अभियान में शहीद हुए थे विभूति
मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल पिछले वर्ष 18 फरवरी को जैश ए मोहम्मद के खिलाफ चले ऑपरेशन में शहीद हुए थे। वर्तमान में उनके घर में मां सरोज, पत्नी नितिका और सबसे छोटी बहन वैष्णवी हैं। सबसे बड़ी बहन पूजा की शादी हो चुकी है। उनके पति विकास नौटियाल सेना में कर्नल हैं। उनसे छोटी बहन प्रियंका शादी के बाद अमेरिका में रहती हैं।
राज्य आंदोलनकारी मंच ने दी श्रद्धांजलि
शहीद मेजर विभूति शंकर ढौंडियाल की पहली पुण्य तिथि पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच ने डंगवाल मार्ग स्थित उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुकरेती, रामलाल खंडूड़ी, प्रभात, पुष्कर बहुगुणा, विनोद असवाल, जीतपाल, राजेश पांथरी, मोहन खत्री आदि मौजूद रहे।