पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को पीड़ित युवती अपने दोस्त के साथ बदरीनाथ हाईवे पर पंचपुलिया की ओर घूमने गई थी। वहां उन्हें तीन युवक मिले।
तीनों युवकों ने युवती और उसके दोस्त को चाकू दिखाकर रोक लिया। युवक से पैसे छीनकर वे युवती को सड़क से ऊपर झाड़ियों की ओर ले गए, जहां तीनों युवकों ने चाकू की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
उन्होंने घटना की जानकारी किसी को भी देने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती ने घर आकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन युवती के साथ थाने पहुंचे और तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस थानाध्यक्ष चित्रगुप्त ने बताया कि युवती के साथ गए युवक की मदद से आरोपियों की शिनाख्त की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों आरोपियों मनोज निवासी सेरामभाटिया पीलीभीत (उत्तर प्रदेश), छोटू निवासी उत्तरीतौला, मिक्कनपुर, भागलपुर (बिहार) और रोहित फगवाड़ा (पंजाब) तीनों हाल निवासी हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि तीनों आरोपी नगर पालिका में कूड़ा बीनने का काम करते हैं। उनके खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देना और बेईमानी से रुपये लूटने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।