शिक्षा सत्र के मध्य में हुए 38 शिक्षकों के तबादलों के विरोध में राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री एसएस चौहान ने एक दिसंबर को शिक्षा निदेशालय में धरने का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले में जनहित याचिका दाखिल करेंगे। चौहान ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से एक दिसंबर को शिक्षा निदेशालय में धरने के दौरान सुरक्षा की भी मांग की है। चौहान का कहना है कि कुछ लोग उन्हें धरने पर नहीं बैठने के लिए धमका रहे हैं। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि धरने के दौरान यह लोग उनसे अभद्रता कर सकते हैं।
राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री ने कहा कि मध्य शिक्षा सत्र में शिक्षकों के तबादलों से प्रदेश भर के शिक्षकों में नाराजगी है। इन तबादलों से वह शिक्षक जो दुर्गम और अति दुर्गम विद्यालयों में वर्षों से कार्यरत हैं खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सिफारिशी तबादलों के विरोध में वह अन्य शिक्षकों के साथ एक दिसंबर को शिक्षा निदेशालय में धरना देंगे।