लोकसभा टिकट की होड़ में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक से मात खाए भाजपा विधायक मदन कौशिक के बगावती तेवर कम नहीं हो रहे।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रदेश भाजपा प्रभारी राधा मोहन सिंह ने नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार के साथ कौशिक के खन्ना नगर स्थित घर जाकर बंद कमरे में मुलाकात की।
मदन समर्थकों ने की नारेबाजी
मुलाकात से पूर्व राधा मोहन सिंह को मदन कौशिक के समर्थकों की नारेबाजी भी झेलनी पड़ी। मुलाकात के बाद राधा मोहन ने जहां कहा कि मदन कौशिक नाराज नहीं हैं, वहीं कौशिक ने भी कहा कि वह भाजपा के सिपाही हैं। लेकिन न तो उनकी तल्खियों में कमी आई है न ही उनके समर्थकों की।
राधा मोहन से मुलाकात के फौरन बाद मदन कौशिक रुड़की की ओर कूच कर गए। समझा जा सकता है कि बैठक का नतीजा क्या निकला। उधर, देर रात मदन कौशिक समर्थकों ने रमेश पोखरियाल निशंक का पुतला फूंककर उन्होंने अपने इरादे भी जाहिर कर दिए कि इस चुनावी समरांगण से उनकी राह आसान नहीं होने वाली है।
रुड़की में गुपचुप पक रही है खिचड़ी
बताया जाता है कि मदन कौशिक इधर कुछ रोज से हर शाम दो-तीन घंटे के लिए रुड़की चले जाते हैं। अंदरखाने की खबर यह है कि गैरभाजपाई दलों के क्षेत्रीय नेताओं के साथ उनकी मेल-मुलाकात इधर तेज हो गई है।
चर्चा है कि यह मुलाकात कुछ दिनों के भीतर नया सियासी रंग ला सकती है। रोचक बात यह है कि मदन कौशिक कहते हैं कि वह पार्टी के काम से ही रुड़की आ-जा रहे हैं।