पूछताछ में पुरुषोत्तम ने बताया कि उसका एक दोस्त सचिन निवासी हरियाणा हरिद्वार जेल में बंद है। कलीम से उसकी जेल में मुलाकात हुई थी। सचिन के माध्यम से कलीम ने जेल से ही व्हाट्सएप और टैक्स्ट मैसेज से उससे संपर्क किया।
इसके बाद कलीम ने डॉक्टर और शराब कारोबारी की सुपारी थी। साथ ही बताया था कि प्रदीप उर्फ भूरा उसे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर मिलेगा। उसके साथ उसे दोनों की हत्या करनी है। इसके बाद वह रेलवे स्टेशन पर मिला और दोनों ने हत्या का प्लान बताया।
इस बीच कलीम ने एक अनजान व्यक्ति के हाथों हरिद्वार में 30 हजार रुपये एडवांस दिलवाए थे। इसके बाद दोनों प्रदीप के चचेरे भाई रुड़की निवासी जितेंद्र के घर रुक थे। दोनों ने दो-तीन दिन तक मंगलौर आकर डॉक्टर की रेकी की।
पुरुषोत्तम ने पूछताछ में बताया कि डॉक्टर की हत्या करने के बाद उन्हें शराब कारोबारी की हत्या करनी थी। एसएसपी ने बताया कि जेल में मोबाइल चलने की भी जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों की मानें तो कलीम की डॉक्टर अमजद से पुरानी रंजिश चली आ रही है। इसी वजह से वह डॉक्टर की हत्या करना चाहता है। इसी बीच उसकी जेल में बंद एक शराब कारोबारी से मुलाकात हुई। कलीम ने शराब कारोबारी से बताया था कि उसके पास सुपारी लेकर हत्या करने वाले शूटर हैं और वह दो शूटरों से डॉ. अमजद की हत्या करवाने वाला है।
सूत्रों की मानें तो शराब कारोबरी ने भी रायवाला निवासी शराब कारोबारी रमेश जोशी की हत्या कराने की बात कही। कलीम ने उससे भी हत्या का सौदा कर लिया। इसके बाद उसने दो लाख रुपये में दोनों की सुपारी देकर एक तीर से दो निशाने साधने की योजना बनाई।
सूत्रों की मानें तो कलीम ने जेल में बंद शराब कारोबारी से लाखों की सुपारी ली थी। काम होने पर वह उस रकम में से दो लाख रुपये दोनों शूटरों को दे देता और बाकी अपने किसी परिचित को दिला देता।
पुलिस के अनुसार, पुरुषोत्तम का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। यह पहला मौका है, जब उसने अपराध की दुनिया में कदम रखने के लिए सुपारी ली थी। वह वर्तमान में हरिद्वार क्षेत्र में रहकर किसी फैक्ट्री में काम कर रहा था जबकि प्रदीप उर्फ भूरा पर पुराने आपराधिक मामले चल रहे हैं। पुलिस पुरुषोत्तम के बारे में बिहार पुलिस से भी जानकारी जुटा रही है।
कलीम को रिमांड पर लेगी पुलिस
हरिद्वार जेल में बंद कलीम को पुलिस रिमांड पर लेगी। इसके लिए पुलिस की ओर कोर्ट में प्रार्थनापत्र देने की तैयारी की जा रही है। साथ ही प्रदीप के चचेरे भाई जितेंद्र से भी पुलिस पूछताछ करेगी।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
मंगलौर कोतवाली के एसएसआई चंद्रमोहन, एसआई लोकपाल पंवार, एसआई आमिर खान समेत हसन जैदी, इसरार, मनीष, राजेश देवरानी, कपिल और सीआईयू प्रभारी रविंद्र सिंह, देवेंद्र भारती, जाकिर हुसैन, सुरेश रमोला, नितिन, देवेंद्र ममगाईं, महिपाल, रविंद्र खत्री, अशोक कुमार।