पीएम नरेंद्र मोदी ने एचएनबी केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को नई दिल्ली में राष्ट्र निर्माण के विभिन्न प्रकल्पों का पाठ पढ़ाया। पीएम ने ढाई घंटे तक छात्र नेताओं को गरीबी मुक्त भारत, क्लीन इंडिया, आतंकवाद मुक्त भारत, भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के टिप्स दिए।
सोमवार सुबह नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में सुबह 11 बजे केंद्रीय विवि के नवनिर्वाचित अभाविप छात्रसंघ पदाधिकारियों से पीएम मोदी ने मुलाकात की। मोदी ने अपने भाषण की शुरूआत स्वामी विवेकांनद के जीवन परिचय से की। उन्होंने सभी छात्र नेताओं को निर्देशित किया कि हर सप्ताह कालेज में स्वच्छता अभियान चलाया जाना चाहिए।
कहा कि देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए छात्रों को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस मौके पर एसआरटी परिसर के छात्रसंघ अध्यक्ष सुशील रावत, महासचिव बृजेश सिंह खाती, महासंघ महासचिव हिमांशु रावत ने परिसर में शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षकों की बायोमीट्रिक हाजिरी लगाए जाने की बात कही।