फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: डेढ़ लाख किसानों को सौगात, पीएम के लाइव प्रसारण के दौरान ही खाते में आए दो-दो हजार रुपये

Mon, 25 Feb 2019 08:33 AM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
Trivendra Singh Rawat
विज्ञापन

रविवार को उत्तराखंड के डेढ़ लाख किसानों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पहली किश्त के रूप में दो-दो हजार रुपये की धनराशि जमा हो गई। गोरखपुर से योजना के शुभारंभ पर पीएम मोदी ने डिजिटल पेमेंट का बटन दबाया और कुछ ही मिनट में किसानों के मोबाइल पर खाते में राशि जमा होने का संदेश आ गया। उत्तराखंड से कोटद्वार के रामणी गांव के जसपाल सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के हाथों पहली किस्त की राशि प्राप्त की। 

विज्ञापन

दो हेक्टेयर से कम जोत वाले किसानों के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की घोषणा की थी। जिसका रविवार से शुभारंभ हो गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में सीएम आवास पर योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें देहरादून व टिहरी जिले से आए लाभार्थी किसानों ने गोरखपुर में हुए योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में पीएम मोदी का सीधा संबोधन सुना।
 

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने बताया कि किसान सम्मान निधि की पहली किस्त के रूप में प्रदेश के डेढ़ लाख से अधिक किसानों के खातों में दो-दो हजार रुपये की धनराशि जमा हो गई हैं। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में प्रधानमंत्री का यह एक और सराहनीय कदम है। योजना के तहत लघु व सीमांत किसानों को दवाइयां, खाद व कृषि संबंधित अन्य कार्यों के लिए प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये केंद्र सरकार सीधे बैंक खाते में देगी।

विज्ञापन

प्रदेश के चार लाख किसानों का डाटा पोर्टल पर अपलोड

प्रदेश सरकार किसानों का कर्ज माफ करने की स्थिति में नहीं है, लेकिन सरकार ने दो प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है। इससे प्रदेश के तीन लाख किसान लाभान्वित होंगे। इसके साथ ही किसानों को एक लाख व महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिया जा रहा है। कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री व सरकार की सोच है कि जब तक किसान खुशहाल नहीं होगा तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता है।

उत्तराखंड में पलायन को रोकने व किसानों को मजबूत करने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय को बढ़ाने के लिए कृषि के साथ एलाइड सेक्टरों को भी जोड़ना होगा। इस अवसर पर विधायक हरबंश कपूर, विनोद चमोली, मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव सहकारिता एवं पशुपालन आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव राजस्व सुशील कुमार, राजस्व परिषद के सचिव बीएम मिश्रा, निदेशक कृषि गौरी शंकर, जिलाधिकारी देहरादून एसए मुुरुगेशन, सीडीओ जीएस रावत आदि मौजूद रहे। 

पीएम किसान सम्मान निधि योजना में उत्तराखंड में 9 लाख 73 हजार 147 किसानों का पंजीकरण हुआ है। इसमें 4 लाख से अधिक लाभार्थियों के नाम पीएम किसान पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं। इस माह के अंत तक सभी लाभार्थियों के नाम पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
 
विज्ञापन

पैसे आने का संदेश मिलते ही किसानों के खिले चेहरे

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के राज्यस्तरीय शुभारंभ पर किसान पीएम मोदी का लाइव संबोधन सुन रहे थे। इस दौरान गोरखपुर से मोदी ने जैसे ही योजना के डिजिटल पेमेंट का बटन दबाया। किसानों में बैंक खाते में दो हजार रुपये जमा होने की उत्सुकता बढ़ गई, अभी पीएम का संबोधन खत्म भी नहीं हुआ था कि किसानों के मोबाइल पर खाते में पहली किस्त का दो-दो हजार रुपये जमा होने का संदेश आ गया। यह पढ़ते ही किसानों के चेहरों पर खुशी झलक पड़ी। 

दून में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मौजूद टिहरी जिले के कसमोली गांव के बुद्धि सिंह व हरीश चंद के मोबाइल पर सबसे पहले दो-दो हजार रुपये की राशि बैंक खाते में जमा होने का संदेश आया। इसके बाद अन्य किसानों के मोबाइल पर भी संदेश आने लगे। किसान बुद्धि सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के बारे में सोचा।
 
जो कहा, उसे करके दिखाया। किसान हरीश चंद ने कहा कि केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट में योजना की घोषणा की और खातों में पैसा भी आना शुरू हो गया है। इस राशि से खेतीबाड़ी की जरूरतों को पूरा करेंगे। किसान रघुवीर सिंह का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की देन है कि बिना कुछ किए खाते में दो हजार की रकम आई है। खाद, बीज  व दवाइयां खरीदने के लिए अब कर्ज नहीं लेना पड़ेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें