रायपुर विधायक ने कहा-जाने अनजाने में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शिक्षा निदेशालय में हुई घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि, ये घटना जाने अनजाने में हुई है। वो घटना से संबंधित सभी पक्षों से माफी मांगते हैं। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने बयान जारी करते हुए कहा कि वो अपने क्षेत्र में एक विद्यालय के लिए डेढ़ बीघा जमीन दान देने वाले परिवार के साथ, विद्यालय का नामकरण संबंधित दानदाता पदम् सिंह रावत के नाम पर करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय गए थे। इस दौरान उनके साथ संबंधित परिवार के लोग भी थे, चूंकि यह प्रकरण काफी समय से लंबित था, तो बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि वो जनप्रतिनिधि होने के नाते, विवाद शांत कराने का भरसक प्रयास करते रहे, इस बीच जाने अनजाने में यह घटना हो गई, जिस पर वो खेद व्यक्त करते हैं। कहा कि उन्हें जनहित के कार्यों में हमेशा अधिकारी, कर्मचारियों का सहयोग मिला है, उन्होने भी हमेशा अधिकारी कर्मचारियों को उचित सम्मान दिया है। इसलिए घटना पर उन्हें बेहद अफसोस है, जिसके लिए वो संबंधित पक्षों से माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार, अधिकारी- कर्मचारियों के हितों में कार्य कर रहे हैं, साथ ही सरकार कानून व्यवस्था को लेकर भी हमेशा गंभीर रही है। इसलिए इस प्रकरण में वो सभी पक्षों से संयम की अपील करते हैं।