फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पत्रकारों के हितों के संबंध में संपादकीय प्रभारियों के साथ हुई परिचर्चा

विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तरांचल प्रेस क्लब कार्यकारिणी की ओर से सोमवार को उत्तराखंड के प्रतिष्ठित समाचार पत्रों, दूरदर्शन व आकाशवाणी के संपादकीय प्रमुखों के साथ क्लब व उसकी गतिविधियों के विस्तार और पत्रकारों के हितों के संबंध में विस्तृत परिचर्चा की गई।
विज्ञापन

परिचर्चा में अमर उजाला के कार्यकारी संपादक एवं स्टेट हेड संजय अभिज्ञान ने कहा कि प्रेस क्लब को मनोरंजन के अलावा सामाजिक सरोकारों से जुड़कर भी कार्य करना चाहिए। क्लब में पत्रकारों के लिए एक न्यूज रूम की भी व्यवस्था की जानी चाहिए, जहां फील्ड में कार्य कर रहे पत्रकार अपनी खबरें भेजने के लिए जरूरत पड़ने पर उसका इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने कहा कि यूनिसेफ और अन्य संस्थाओं की मदद से कई कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, इनका इस्तेमाल उत्तराखंड के पत्रकारों के लिए भी किया जा सकता है। हिंदुस्तान के स्थानीय संपादक गिरीश गुरुरानी ने कहा कि प्रेस क्लब की गतिविधियों को पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही नई पीढ़ी के लिए भी विस्तार दिया जाना चाहिए। नए पत्रकारों के साथ ही पूर्व से सक्रिय पत्रकारों को अपडेट रखने के लिए समय-समय पर वर्कशॉप व प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने चाहिए। दैनिक जागरण के राज्य संपादक कुशल कोठियाल ने कहा कि प्रेस क्लब को स्तरीय मनोरंजन और पारिवारिक माहौल को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और सरकार के माध्यम से पत्रकारों के कल्याण से संबंधित योजनाएं लागू करवाने के लिए प्रयास करना चाहिए। नवोद टाइम्स ( पंजाब केसरी) के संपादक निशीथ जोशी ने सुझाव दिया कि प्रेस क्लब पुस्तकालय को और समृद्ध किया जाना चाहिए, ताकि पत्रकारों के बच्चे भी इसका लाभ उठा सकें। आकाशवाणी-दूरदर्शन (देहरादून) के संपादकीय प्रमुख राघवेश पांडेय ने कहा कि युवा पत्रकारों और पत्रकारिता की पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए कार्यशालाएं क्लब को आयोजित करनी चाहिए। राष्ट्रीय सहारा के संपादक जितेंद्र नेगी ने कहा कि प्रेस क्लब में इस तरह की परिचर्चा पहली बार हुई है। यह सराहनीय पहल है। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल, महामंत्री ओपी बेंजवाल, पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र सती, क्लब संरक्षक मंडल के सदस्य नवीन थलेडी, कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, संयुक्त मंत्री दिनेश चंद्र कुकरेती, नलिनी गोसाईं, कार्यकारिणी सदस्य महेश पांडे, राजेश बड़थ्वाल, राजकिशोर तिवारी, योगेश सेमवाल के साथ ही चांद मोहम्मद, राकेश खंडूरी, विनोद मुसान, विनोद पुंडीर आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें