धर्मनगरी में 27 मार्च को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आएंगे। उनकी सुरक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को अधिकारियों ने निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल से लेकर हेलीपैड तक स्नाइपर तैनात किए जाएंगे। वहीं सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी हर जगह पर तैनात रहेंगे। राष्ट्रपति दिव्य प्रेम सेवा मिशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
शुक्रवार को डीएम विनय शंकर पांडेय व एसएसपी डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत ने बीएचईएल के हेलीपैड, गेस्ट हाउस व दिव्य प्रेम सेेवा मिशन में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं। एसएसपी डॉक्टर योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि राष्ट्रपति की फ्लीट वाले मार्ग को तत्कालिक तौर पर बंद कराया जाएगा। हेलीपैड से लेकर फ्लीट के रूट व कई जरूरी स्थानों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।