10 दिसंबर को होने वाली भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड (पीओपी) में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रिव्यूइंग ऑफिसर (आरओ) हो सकते हैं। अकादमी की ओर से भेजे गए आमंत्रण के जवाब में अभी तक राष्ट्रपति अथवा प्रधानमंत्री कार्यालय ने इससे इनकार नहीं किया है। अकादमी के अधिकारी भी उनके पहुंचने की संभावनाओं को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
आईएमए ने 10 दिसंबर को प्रस्तावित परेड का आरओ बनने के लिए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों को निमंत्रण भेजा है।
अकादमी सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति के शामिल होने की संभावना इसलिए भी अधिक जताई जा रही है क्योंकि नौ दिसंबर को दून में उनका कार्यक्रम पहले से ही तय है। उनके कार्यालय ने अकादमी को अभी तक इसके लिए इनकार भी नहीं किया है।