राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की वीआईपी ड्यूटी में तैनात स्वर्गाश्रम जौंक नगर पंचायत का एक सफाई कर्मचारी कोरोना पॉजिटव मिला है। वीआईपी ड्यूटी के लिए परमार्थ निकेतन पहुंचे अब तक 20 कर्मचारी संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं मुनिकीरेती क्षेत्र में अपनी बेटी के घर आई एक महिला भी कोरोना संक्रमित मिली है।
राष्ट्रपति की वीआईपी ड्यूटी के लिए परमार्थ निकेतन आए पुलिस कमियों और अन्य कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला थमने का नाम ले रहा है। अब आयोजन स्थल के आसपास सफाई करने वाला एक कर्मचारी आरटीपीसीआर जांच में कोरोना संक्रमित मिला है।
वहीं मुनिकीरेती क्षेत्र में आई टिहरी के चंबा की एक महिला भी ट्रूनेट जांच में कोरोना संक्रमित पाई गई है। फकोट ब्लॉक के कोविड नोडल अधिकारी डॉ. जगदीश जोशी ने बताया कि सफाई कर्मचारी को ऋषिलोक स्थित कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट किया गया। वहीं महिला से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभवत: देर शाम तक महिला को भी कोविड केयर सेंटर आइसोलेट कर दिया जाएगा।