पांच अधिकारी सम्मानित
इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री ने विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सेवानिवृत्त आईजी नारायण सिंह नपलच्याल और मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, सराहनीय सेवा के लिए पदक से पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, सहायक सेना नायक प्रतिमा भट्ट और सेवानिवृत्त उप निरीक्षक अभिसूचना, सौहकार पुंडीर को सम्मानित किया। केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के विशेष डाक आवरण और पुलिस पत्रिका का विमोचन भी किया।
पुलिस के गौरवशाली इतिहास का नया अध्याय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस निशान प्राप्त होने पर सभी अधिकारियों और जवानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस के साहस, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा को मिली राष्ट्रीय मान्यता है। यह उपलब्धि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हुई है। आतंकवाद और नक्सलवाद के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, तीन नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन और पुलिस बलों का आधुनिकीकरण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड पुलिस में लगभग 13 हजार जवान, 96 थाने और 42 चौकियां थीं। आज 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मी प्रदेश की सुरक्षा और सेवा में कार्यरत हैं।