पुलिस ने जेल में बंद शातिर बदमाशाें से कुछ तस्वीरों के आधार पर लुटेरों की पहचान कराने की कोशिश की। जेल में पुलिस टीम ने कई घंटे तक माथापच्ची की। हालांकि यह साफ नहीं हुआ है कि पुलिस को यहां किसी तरह की कामयाबी मिली है या नहीं।
इसी बीच आशंका यह भी है कि लुटेरों के तार प्रेमनगर में हुई पेट्रोल पंप लूट से भी जुड़े हो सकते हैं। इस लूट में बिजनौर के कई बदमाश जेल में बंद हैं। इन बदमाशों ने प्रेमनगर में कई दिन की रेकी करने के बाद पंप मालिक को गोली मारकर लूटपाट की थी।
कई जिलों की फुटेज को खंगाली
प्रेमनगर लूटकांड में पुलिस ने शहर के अलावा हरिद्वार, बिजनौर, मुरादाबाद, मेरठ आदि जिलों के सीसीटीवी कैमराें की फुटेज खंगाली है। राजधानी में सीओ पल्लवी त्यागी सीसीटीवी फुटेज को खंगाल कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा चुकी हैं। फुटेज में लुटेरे तीन दिन तक लगातार देव ज्वेलर्स के आसपास मंडराते नजर आ रहे हैं।
कई थाना प्रभारियों से जताई नाराजगी
एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने देर रात बैठक लेकर कई थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई है। सबसे ज्यादा नाराजगी दूधली चेक पोस्ट को लेकर थी, जहां पर सघन चेकिंग न होने के कारण बदमाशों को निकलने का मौका मिल गया। उन्हाेंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे प्रतिष्ठानाें की निगरानी बढ़ाने को कहा है, जहां पर आपराधिक घटनाएं होने का अंदेशा सबसे ज्यादा हो।
दूसरा घटना के बाद कौन से ऐसे रास्ते हैं, जहां पर बदमाश फरार हो सकते हैं, उस पर पूरा होमवर्क करने की जरूरत है। घटना होने की स्थिति में इन रास्तों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है। एसएसपी ने शाम को पुलिस उपाधीक्षकों के साथ बैठक कर कड़े निर्देश दिए।