एक होटल से मिली आईडी के आधार पर यह खुलासा हुआ था कि लूट की वारदात टॉप बाइकर्स में शुमार करन शिवपुरी निवासी दून और सोनू यादव निवासी दिल्ली में अंजाम दी थी। दोनों शातिर लूटपाट के बाद दिल्ली से फ्लाइट से गोवा रवाना हो गए।
दून पुलिस भी उनकी तलाश में गोवा पहुंच गई थी, लेकिन दोनों लुटेरे चकमा देने में कामयाब हो गए थे। तब से ही पुलिस उनकी तलाश में दिन-रात एक किए हुए है। हालांकि पुलिस करन शिवपुरी से लूट का माल खरीदने वाले सराफ को पहले ही दबोच चुकी है।
इसी बीच एसएसपी अरुण मोहन जोशी ने दोनों लुटेराें पर ढाई-ढाई हजार का इनाम घोषित करते हुए शासन से उन पर एक-एक लाख रुपये के पुरस्कार की संस्तुति की है। आईजी अजय रौतेला ने एसएसपी की संस्तुति पर दोनों बदमाशों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। आईजी रौतेला ने बताया कि डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार को इन लुटेरों पर 10-10 हजार रुपये के इनाम की संस्तुति की जा रही है।
लुटेरे करन शिवपुरी और सोनू यादव की तलाश में पुलिस की कार्रवाई किसी नजीर से कम नहीं होगी। पुलिस अब तक कई लाख मोबाइल नंबरों को परखने के साथ मैनुअल आधार पर उन तक पहुंचने को पूरी ताकत झोंक चुकी है।
पुलिस अमला इनकी तलाश में अब भी लगा हुआ है। एसओजी के अलावा अलग से सीओ और दरोगाओं की टीम दोनों को दबोचने के प्रयासों में जुटी हैं। कुल मिलाकर उन्हें पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।