रुड़की के ‘मोटल पोलरिश’ पर स्वामित्व के पारिवारिक विवाद के बीच होटल के दिवंगत मालिक की पत्नी ने खानपुर से कांग्रेसी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन पर पुलिस के जरिए उन्हें होटल से बेदखल कराने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि चैंपियन काफी वक्त से होटल पर कब्जे की फिराक में हैं। डीआईजी ने एसएसपी हरिद्वार से चार दिन में रिपोर्ट तलब की है। पति ध्रुव सिंह की मौत के बाद रुड़की के सिविल लाइन स्थित होटल ‘मोटल पोलरिश’ पर हक जताने वाली नूपुर सिंह ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में चैंपियन और रुड़की पुलिस को सवालों के घेरे में खड़ा किया।
आरोप लगाया कि चैंपियन ने वर्ष 2012 में होटल का कमरा खाली कराने के लिए पति ध्रुव सिंह पर गोली चला दी थी। राजनीतिक पैंतरेबाजी के बाद मुकदमा वापस हो गया था। इस बीच बीमारी से पति ध्रुव की मौत के बाद वह संपत्ति की अकेली वारिस हैं।
मगर संपत्ति कब्जाने को उनकी ननद ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए रुड़की नगर निगम में अपना नाम दर्ज करा लिया था, हालांकि हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी। आरोप है कि विधायक ननद के साथ होटल कब्जाना चाहते हैं।
तीन दिन पहले पुलिस ने विधायक के दबाव में उन्हें होटल से बेदखल कर दिया। गैर कानूनी कार्रवाई के बाद कोई सुनने को तैयार नहीं है। इसके बाद नूपुर अधिवक्ता राजीव रतूड़ी के साथ डीआईजी संजय गुंज्याल से मिलीं। पूरी बात सुनने के बाद डीआईजी ने हरिद्वार की एसएसपी से बात की। उन्होंने मामले की निष्पक्ष रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।