देहरादून रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को दौड़ाने बिछी नई पटरियां
दून स्टेशन से ट्रेनों का संचालन तय अवधि पर शुरू हो जाएगा। ट्रैक पर ट्रायल के लिए पावर इंजन दून पहुंच चुका है। आजकल अधिकारियों की देखरेख में पावर इंजन से ट्रायल का काम चल रहा है।
यार्ड के री-मॉडलिंग और प्लेटफार्म विस्तार के चलते गत 10 नवंबर को दून स्टेशन से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। रेलवे बोर्ड ने कार्यदायी संस्था को सात फरवरी 2020 तक का ट्रैफिक ब्लॉक दिया था। जिस गति से कार्य चल रहा है, उसे देखते हुए रेलवे अधिकारियों का दावा है कि आठ फरवरी से ट्रेनों का दोबारा संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके ट्रायल के लिए पावर इंजन भी दून पहुंच चुका है। पावर इंजन इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन को लेकर आजकल ट्रायल कर रहा है। बिजली के खंभे और इलेक्ट्रिक लाइन को स्थापित करने आदि का कार्य भी तेजी से हो रहा है।
रेलवे बोर्ड के तकनीकी, सुरक्षा और प्रशासनिक विंग आदि से जुड़े दिल्ली मुख्यालय और मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों की देखरेख में फाइनल ट्रायल कर ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाना है। स्टेशन निदेशक गणेश चंद ठाकुर ने बताया कि कार्य तेज गति से चल रहा है। आठ फरवरी से ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए तैयारी भी जोरों पर चल रही हैं।
यूनियन की गतिविधियां भी बढे़ंगी
दून स्टेशन से ट्रेनों का संचालन न होने की वजह से यहां से रेलवे के अधिकतर कर्मचारियों को दूसरे स्टेशनों पर शिफ्ट किया गया है। इसके चलते रेलकर्मियों की यूनियनों की गतिविधियां भी यहां नहीं हो पा रही है। नार्दर्न रेलवे मैंस यूनियन (नरमू) के शाखा सचिव राजेंद्र सिंह गुसाई ने बताया कि विभिन्न मुद्दों को लेकर अगले माह से देहरादून स्टेशन पर यूनियन की गतिविधियां भी तेज कर दी जाएंगी।
देहरादून रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को दौड़ाने के लिए लगी नई बिजली तारें।