हरियाणा के मुंद्रा-महेंद्रगढ़ विद्युत लाइन पर शटडाउन के कारण उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली कटौती करनी पड़ी। कटौती कम करने के लिए उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने ओवर ड्राल भी किया।
शुक्रवार को पावर ग्रिड कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की 500 किलोवाट की मुंद्रा महेंद्रगढ लाइन पर पावर ग्रिड ने जरूरी कार्य के चलते शटडाउन लिया। लिहाजा यूपीसीएल को बाहर से खरीदी बिजली पूरी नहीं मिल पाई। यूपीसीएल ने अन्य लाइनों से 5.19 लाख यूनिट बिजली अतिरिक्त (ओवर ड्राल) भी खींची।
इसके बावजूद बिजली की उपलब्धता कम होने से हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग चार घंटे कटौती की गई। यूपीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) एवं प्रवक्ता पीसी ध्यानी ने बताया कि केंद्रीय सेक्टर और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) से मांग की तुलना में कम बिजली मिलने से यूपीसीएल ने आज के लिए इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से 26 लाख 23 हजार यूनिट बिजली की खरीद कर ली है।