फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंडः 400 गांवों में बर्फबारी से छाया 'अंधेरा'

Sun, 21 Dec 2014 02:12 PM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून, गढ़वाल
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तराखंड की पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से चरमराई व्यवस्थाएं सातवें दिन भी पटरी पर नहीं आ सकी है। कई हिस्सों में ऊर्जा निगम अभी तक बिजली को बहाल नहीं कर पाया है। पौड़ी जिले की थलीसैण तहसील के ढाई सौ गांवों में और चमोली जिले के देवाल, थराली और घाट ब्लाक के 88 गांवों में अब तक बिजली ठप पड़ी है।
विज्ञापन


पौड़ी की थलीसैंण तहसील के ढाई सौ गांवों में हफ्ते भर से बिजली गुल है। बसोला गांव के प्रधान कुलानंद ने बताया कि बिजली नहीं होने से मोबाइल चार्ज के लिए भी लोगों को अल्मोड़ा जिले के देघाट बाजार जाना पड़ रहा है। बाकुंडा गांव के प्रधान पीतांबर दत्त ने बताया बिजली नहीं होने से लोग लैंप के सहारे हैं। सड़क भी नहीं खुल पाई है।

विद्युत वितरण खंड पौड़ी के अधिशासी अभियंता अमित आनंद ने बताया कि थलीसैण और बीरोंखाल ब्लाक में  करीब 250 गांवों में अभी बिजली सुचारु नहीं हो पाई है। विद्युत वितरण खंड कोटद्वार ने स्यूसी होते हुए मजगांव तक आपूर्ति सुचारु कर दी है। विद्युत वितरण खंड पौड़ी की तरफ से मजरामहादेव आपूर्ति सुचारु हो गई है।
विज्ञापन


घाट/पोखरी के देवाल ब्लाक के 45 और थराली के 25 गांवों के लिए कुमाऊं से सप्लाई हो रही बिजली ठप पड़ी हुई है। यहां ग्रामीण लैंप के सहारे रातें गुजार रहे हैं। ग्वालदम के समीप बिजली के तार और खंबे क्षतिग्रस्त पडे़ हुए हैं। नंदप्रयाग बाजार में भी एक हफ्ते से बिजली सप्लाई ठप है।

जिला पंचायत सदस्य हाट कल्याणी रमवती देवी ने शनिवार को डीएम को इस संबंध में अवगत कराया है। घाट ब्लॉक के 18 गांवों में भी बिजली बहाल नहीं हो पाई है। यहां घाट-भेंटी, सलबगढ़-सुतोल, कांडई-पगना, मोलागाड़-मटई और ल्वाणी-रामणी सड़कें भी बर्फबारी से अवरुद्ध पड़ी हुई हैं।

पोखरी ब्लाक स्थित पोखरी-मोहनखाल मोटर मार्ग भी बर्फबारी से अवरुद्ध पड़ा हुआ है। लोनिवि ने सड़क खोलने के लिए जेसीबी लगाई है। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने कहा कि गांवों में विद्युत व्यवस्था सुचारु करने का कार्य जारी है।

बर्फबारी से जड़ी-बूटी संस्थान की नर्सरी बर्बाद

गोपेश्वर में मंडल स्थित जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान की साढे़ 17 लाख रुपये से बनी हाईटेक नर्सरी बर्फबारी से तहस-नहस हो गई है। नर्सरी में 120 प्रजाति की दुर्लभ जड़ी-बूटियों की पौध लगाई गई थी।

वर्ष 2010 में जड़ी-बूटी संस्थान ने यहां एक हाईटेक नर्सरी बनाई थी। 15 दिसंबर को मंडल क्षेत्र में भारी बारिश और बर्फबारी हुई। हाईटेक जड़ी-बूटी नर्सरी के पॉली हाउस ध्वस्त होकर पौधों पर जा गिरा जिससे पौध नष्ट हो गई। संस्थान के इर्द-गिर्द तीन अन्य जगहों पर बर्फबारी से पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

खल्ला गांव निवासी गोविंद सिंह बिष्ट ने बताया कि जड़ी-बूटी संस्थान बिना निदेशक के चल रहा है। यहां माली भी संविदा पर रखे हुए हैं। इसकी देखरेख के लिए चौकीदार ही है।

संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी सीएस कंडारी का कहना है कि हाईटेक नर्सरी में छात्र-छात्राओं के साथ ही बाहर से आने वाले वैज्ञानिक शोध करते थे, लेकिन बर्फबारी से नर्सरी तहस-नहस पड़ी है। इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।

दो सड़कें अब भी बंद
पौड़ी के थलीसैण ब्लाक में बुआखाल-रामनगर-काशीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, थलीसैण-पीठसैण मार्ग में अब भी यातायात का पहिया जाम है। इन मार्गों से जुड़े गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोनिवि के अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि चिपलघाट-चौरीखाल-थलीसैण राज्य मार्ग चालू कर दिया गया है। बुआखाल-रामनगर-काशीपुर राजमार्ग नैनीधार के समीप बंद है। थलीसैण-पीठसैण मार्ग पर शनिवार शाम तक यातायात सुचारु होने की उम्मीद है।
विज्ञापन

दून में दो डिग्री लुढ़का पारा, सर्द हुईं रात

देहरादून में रात में हाड़ कंपकंपाती ठंड का सिलसिला कायम है। शनिवार को देर रात कोहरे से राजधानी दून ढक गया जो रविवार सुबह तक छाया रहा। शुक्रवार की रात पारा दो डिग्री सेल्सियस और लुढ़क गया। शनिवार इसका माप 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन के तापमान में हालांकि तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। यह 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।

राज्य मौसम केंद्र के पूर्वानुमान पर भरोसा करें तो प्रदेश में रविवार को ऊंचाई वाले इलाकों खास तौर पर उत्तरकाशी और चमोली जनपदों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में कोहरे से दिक्कत बढ़ सकती है। दृश्यता (विजिबिलिटी) कम होने से रात में सफर करने वालों, गाड़ी चलाने वालों को समस्या उठानी पड़ सकती है।

दून में शनिवार को आम तौर पर धूप खिली रही। एक दो बार जरूर बादल आए, लेकिन जल्द ही सूरज ने उन्हें अपने पीछे ढक लिया। आर्द्रता का प्रतिशत अधिकतम 94, जबकि न्यूनतम 38 रिकार्ड हुआ। राज्य मौसम केंद्र के अनुसार राजधानी दून में रविवार को आंशिक बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट, जबकि न्यूनतम तापमान में डेढ़ डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। यह क्रमश: 20 और 6 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें