ऊर्जा निगम के नगरीय विद्युत वितरण खंड केंद्रीय ने क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या से राहत दिलाने की कवायद शुरू कर दी है।
इसके तहत क्षेत्रों में स्थापित ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए जाने का प्रस्ताव निगम प्रबंधन को भेजा गया है। इस सिलसिले में अधिशासी अभियंता सुधीर कुमार सिंह ने एक प्रस्ताव तैयार करके ऊर्जा निगम प्रबंधन को भेज दिया है।
औचक निरीक्षण किया
राजपुर रोड के विधायक ने कुछ माह पहले ऊर्जा निगम के प्रबंध निदेशक एसएस यादव से मिलकर क्षेत्र में लो-वोल्टेज की शिकायत की थी। इसके बाद प्रबंध निदेशक ने कुछ क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया था।
प्रबंध निदेशक ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया था कि लो वोल्टेज से जूझ रहे स्थानों को चिह्नित कर तत्काल इस समस्या से लोगों को निजात दिलाई जाए।
इसीक्रम में तीन दिन पहले ही 100 केवीए, 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता 250, 400 और 1000 केवीए तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। अधिशासी अभियंता सुधीर कुमार सिंह ने प्रस्ताव ऊर्जा निगम प्रबंधन को भेज दिया है।
यहां बढ़ेगी ट्रांसफार्मर की क्षमता
मोथरोवाला चौक के पास, मौर्य वाली गली धर्मपुर के पास, मोथरोवाला रोड के पास, तेग बहादुर रोड, ग्रीन व्यू कालोनी, मस्जिद वाली गली, अजबपुर कलां (निकट डायनासोर पार्क), बलबीर रोड, पीपल मण्डी, हनुमान चौक के पास, मोती बाजार, राजा रोड धामावाला, एसके मेमोरियल ईसी रोड के पास , पटेल रोड पर अग्रवाल बल्ब फैक्ट्री के निकट, कालिका मन्दिर के निकट, सरस्वती विहार ई ब्लाक, बाईपास पुलिस चौकी के समीप, पुष्प कुंज निकट बाईपास पुलिस चौकी।
परेड मैदान के लिए पहुंचा नया ट्रांसफार्मर
परेड मैदान बिजली सब स्टेशन के लिए 10 एमबीए का नया ट्रांसफार्मर सोमवार को पहुंच गया। मंगलवार को खराब पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने का काम होगा।
इस दौरान सुबह नौ से लेकर दोपहर एक बजे तक आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। रविवार को सुबह दस बजे अचानक उक्त ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी। इसके चलते आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।