युवाओं को रिझाने और कहीं न कहीं कांग्रेस के प्रति लोगों को आकृष्ट करने के लिए हल्द्वानी के गौलापार निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में बुधवार को द ग्रेट खली रिटर्न्स का आयोजन किया गया था।
रेसलरों के लिए उधर रिंग बना था, लेकिन वित्तमंत्री की नाराजगी के कारण उनका आवास ‘संकलन’ राजनीतिक पहलवानों का ‘अखाड़ा’ बन गया। सुबह कांग्रेस प्रदेश संगठन की बैठक में वित्तमंत्री को बुलाने गए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को डॉ. इंदिरा हृदयेश समर्थकों का आक्रोश झेलना पड़ा। गुस्साए समर्थकों ने नैनीताल रोड जाम कर प्रदर्शन किया।
दिनभर चले घटनाक्रम का पटाक्षेप शाम को मुख्यमंत्री हरीश रावत से बंद कमरे में करीब 45 मिनट की हुई बातचीत के बाद हुआ। दिनभर के अखाड़ेबाजी के बाद शाम को वित्तमंत्री मुख्यमंत्री के साथ आखिर गौलापार में रिंग का शुभारंभ करने पहुंचीं।
चुनावी वर्ष को देखते हुए सीएम फॉर यूथ के तहत गौलापार स्टेडियम में आयोजित द ग्रेट खली रिटर्न्स का आयोजन किया गया था।
वित्तमंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के ड्रीम प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में द ग्रेट खली रिटर्न्स शो को लेकर लगातार वित्तमंत्री की उपेक्षा हो रही थी। उपेक्षा से आहत उनके समर्थक बुधवार सुबह से ही उनके आवास संकलन के बाहर एकत्र होने लगे थे और समर्थन में जबरदस्त नारेबाजी शुरू हो गई थी।
इस बीच करीब 10:45 बजे वित्तमंत्री को प्रदेश कांग्रेस की मासिक बैठक के लिए बुलाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय पहुंच गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। उनके साथ धक्का-मुक्की तक हुई। समर्थकों ने उनके सामने मुख्यमंत्री और उनके औद्योगिक सलाहकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
साथ ही औद्योगिक सलाहकार को हटाने की मांग भी की। वित्तमंत्री और मंडी परिषद के अध्यक्ष सुमित हृदयेश के समझाने के बाद भी समर्थकों का गुस्सा कम नहीं हुआ। प्रदेश अध्यक्ष को भीड़ से निकालकर ला रहे कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया को भी विरोध झेलना पड़ा। उनके साथ भी धक्का-मुक्की हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी को घेरकर नारेबाजी की गई।
इस बीच मुख्यमंत्री ने तीन बार फोन पर वित्तमंत्री और मंडी परिषद अध्यक्ष से बात कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा। गुस्साए समर्थकों ने शो में न जाने का एलान कर दिया और कुछ देर बाद नैनीताल हाइवे जाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद मंडी परिषद अध्यक्ष के समझाने के बाद लोगों ने जाम खोला।
वित्तमंत्री ने कांग्रेस प्रदेश संगठन की बैठक में भी प्रतिभाग किया। बैठक समाप्त होने के बाद वे स्वराज आश्रम से सीधे अपने आवास पहुंचीं। कुछ ही देर बाद खबर फैली कि मुख्यमंत्री अब वित्त मंत्री को मनाने आ रहे हैं और पुलिस-प्रशासन हरकत में आ गया। शाम करीब 4:45 बजे वित्तमंत्री आवास सीएम का काफिला पहुंचा।
मुख्यमंत्री का मंडी परिषद अध्यक्ष ने अपने आवास पर स्वागत किया। बंद कमरे में मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री की करीब 45 मिनट बात चली। इस बीच मंडी परिषद अध्यक्ष और छात्रसंघ के पदाधिकारियों को भी बुलाकर मुख्यमंत्री ने बात की। आखिर जब कमरा खुला तो सीएम और वित्तमंत्री एक ही कार में सवार होकर गौलापार पहुंचे और द ग्रेट खली रिटर्न्स शो का उद्घाटन किया।