छावनी परिषदों के चुनाव की आहट भर से बेरोजगारों के लिए वोकेशनल कोर्स शुरू करवाने की याद बोर्ड सदस्यों को आई है।
रक्षा संपदा महानिदेशालय एक वर्ष पहले से छावनी परिषदों को वोकेशनल कोर्स शुरू करने के निर्देश दे चुका है, लेकिन किसी भी बोर्ड ने इसकी सुध नहीं ली। अब जब बोर्ड चुनाव के कयास तेज हुए तो निर्वाचित सदस्य बेरोजगारों के लिए वोकेशनल ट्रेनिंग केंद्र शुरू करवाने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
अखिल भारतीय छावनी परिषद निर्वाचित सदस्य संगठन की रक्षा संपदा महानिदेशालय में हुई बैठक में सदस्यों ने बेरोजगार युवाओं को वोकेशनल ट्रेनिंग कोर्स शुरू करवाने की मांग रखी।
पहले अमल नहीं किया
एक वर्ष पहले जब महानिदेशालय ने वोकेशनल कोर्स को लेकर एक निजी संस्थान से करार के निर्देश दिए थे, तो किसी भी छावनी में उस पर अमल नहीं किया गया। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र सिंह कंडारी ने बताया कि रक्षा संपदा भवन में दो दिवसीय बैठक में छावनियों की कई समस्याओं को रखा गया।
छावनी परिषदों में बेरोजगार युवाओं को उनकी शिक्षा एवं योग्यता अनुसार कुशल बनाने हेतु प्रशिक्षण केंद्र खोले जाने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए आईएलएफएस (इंफ्रास्ट्र्क्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल) की मदद से वोकेशनल कोर्स शुरू किये जा सकते हैं।
कंडारी ने बताया कि महानिदेशक ने उनके प्रस्ताव पर सहमति जताई है। इसके अलावा छावनी में पेयजल एवं सीवरेज योजनाओं के लिए धनराशि आवंटन और मृतक आश्रितों को शीघ्र रोजगार देने की मांग भी रखी गई।
फेसबुक पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें