हरिद्वार जनपद पटवारी भर्ती जहां युवाओं के लिए नौकरी का मौका लेकर आई है वहीं इसने पुलिस विभाग की सच्चाई भी सामने ला दी है। यहां सिपाहियों में पटवारी बनने की होड़ मची है।
छुट्टी लेकर शारीरिक दक्षता परीक्षा देने के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी अब लिखित परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। कुछ पुलिस कर्मचारी इसके लिए कोचिंग ले रहे हैं। इनका मानना है कि इसे पेशे में भागदौड़ ज्यादा है लेकिन सुविधाएं नहीं हैं।
जनपद में इन दिनों पटवारी भर्ती चल रही है। अभ्यर्थियों ने सप्ताहभर तक जिला मुख्यालय रोशनाबाद में शारीरिक दक्षता परीक्षा दी है। आवेदकों की इस भीड़ में पुलिसवाले भी शामिल हैं।
शहर व देहात के थाने-कोतवालियों से कई पुलिसकर्मियों ने पटवारी बनने के लिए छुट्टी लेकर दौड़ में पसीना बहाया। अब 22 मई को होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारी में पुलिसकर्मी जुटे हुए हैं।