देहरादून पुलिस ने केंद्रीय मंत्री हरीश रावत के सांसद प्रतिनिधि समेत दो लोगों के हूटर निकाल दिए। कार मालिकों पर पांच-पांच सौ रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
मंगलवार रात ट्रैफिक पुलिस और शहर कोतवाली पुलिस ने घंटाघर पर अनाधिकृत रूप से लालबत्ती लगी कारों और हूटर के खिलाफ चेकिंग कर रही थी।
हूटर बजाने पर काट दिया तार
चेकिंग के दौरान ही खुद को केंद्रीय मंत्री हरीश रावत का सांसद प्रतिनिधि बताने वाले सुशील राठी की कार को पुलिस ने हूटर बजाने पर रोक दिया। राठी ने पुलिस पर रौब झाड़ने की कोशिश भी की। लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए हूटर के तार काट दिए।
एक और नेता का चालान
पुलिस ने उसके बाद चकराता रोड पर पीस पार्टी के सचिव फुरकान की कार का भी पुलिस ने चालान किया। इस कार के भी हूटर के तार काट दिए गए।
बुधवार को पुलिस ने चार वाहनों के हूटर निकालकर चालान किए। एसपी सिटी नवनीत भुल्लर ने बताया कि अनाधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती लगाने और हूटर का प्रयोग करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।