दून में भी कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। इसकी वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। लोगों के लिए गाड़ी चलाना दूभर बना है।
रात के वक्त तो विजिबिलिटी गिरकर एक किलोमीटर तक रह जा रही है। राज्य मौसम केंद्र की मानें तो बृहस्पतिवार को भी दून के आस-पास कोहरे का असर कायम रहेगा।
मौसम रहा सूखा
कुछ क्षेत्रों में आंशिक बादलों की मौजूदगी मुश्किल में और इजाफा कर सकती है। बुधवार को प्रदेश भर में मौसम सूखा बना रहा, अलबत्ता आसमान पर बादलों और सूरज की आंख-मिचौली कायम रही। बेहद ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी रही।
राजधानी दून में भी दोपहर तक धूप निकली, लेकिन इसके बाद आसमान पर बादल छा गए। शाम तक बादलों और मरियल धूप में लुका-छिपी का खेल चलता रहा। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 100, जबकि न्यूनतम प्रतिशत 44 दर्ज किया गया।
तापमान स्थिर
तापमान में हालांकि कोई ज्यादा बदलाव रिकार्ड नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को भी तापमान का यही क्रम बरकरार रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बदरीनाथ और हेमकुंड में एक फुट बर्फ जमी
बुधवार को दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली। चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में झमाझम बारिश से समूचा गोपेश्वर जिला शीत लहर की चपेट में आ गया है। करीब एक घंटे तक रही बारिश ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया।
बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब में निचले क्षेत्रों में एक फुट तक बर्फ जम गई है। रुद्रनाथ, तुंगनाथ, कांचुलाखर्क, लाल माटी, गोरसों बुग्याल में भी बर्फबारी हुई है।