क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर से शहर के कप्तान केवल खुराना भी मुखातिब हो चुके हैं। दोनों की लंबी बातें हुई। सचिन ने इस बातचीत के दौरान उत्तराखंड पुलिस की पीठ भी कई बार थपथपाई।
उन्होंने कहा पुलिस की जॉब सच में सबसे ‘टफ’ है। यह पुलिस ही तो है जिसके कारण वह और उनका परिवार महफूज महसूस करता है।
एसएसपी से मुलाकात की
पिछले साल दिसंबर में सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी डा. अंजली और बेटा अर्जुन संग मसूरी अपने पारिवारिक मित्र संजय नारंग के घर आए थे। छुट्टियों के दौरान ही एसएसपी केवल खुराना को उनसे संजय नारंग के घर पर मिलने का मौका मिला।
एसएसपी खुराना यादों को ताजा करते हुए बताते हैं कि चाय पीते वक्त सचिन ने कहा कि देहरादून की जनता का सिविक सेंस कुछ ज्यादा है। यहां पर लोग एक दूसरे की मदद करने आगे आते हैं। अक्सर में दोस्तों से ऐसी चर्चा सुनता हूं।
पुलिसिंग के मुद्दे पर हुई बात
सचिन के साथ एसएसपी की पुलिसिंग पर भी बात हुई। पुलिसिंग पर सचिन का मानना था कि यह थैंक्स लेस जाब है। जिस प्रकार क्रिकेट में विकट कीपर थैंक्स लेस जाब है।
विकट कीपर क्रिकेट में पूरे पचास ओवर तक व्यस्त रहने वाला खिलाड़ी है। कितना भी तेज गेंदबाज हो, बल्लेबाज के छोड़ने पर वह उस बाल को पकड़ता है। लेकिन कोई उसे थैंक्स नहीं कहता। लेकिन अगर वह गलती कर दे तो सभी उस पर नजरें टेढ़ी करते हैं। यही हाल पुलिस का भी है। लंबी बातचीत के बाद फिर सचिन के साथ फोटो सेशन भी हुआ। एसएसपी केवल खुराना डॉ. अंजली और उनके बेटे अर्जुन से भी मिले।