देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के निम्बस क्रिकेट अकादमी में हुई छह लाख की लूट मामले में पुलिस को अभी तक कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाए हैं। हालांकि घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्यों और घटनाक्रम की तहकीकात करने पर पुलिस की शक की सुई चौकीदार और जानकारों के आसपास ही घूम रही है।
बता दें, झाझरा स्थित निम्बस क्रिकेट में बृहस्पतिवार को छह लाख की लूट का मामला प्रकाश में आया था। यहां चौकीदार को बंधक बनाकर कर बदमाशों ने छह लाख रुपये लूट लिए थे। घटना बुधवार रात दो बजे की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दो बजे यहां तीन बदमाश घुसे और चौकीदार को बंधक बनाकर ऑफिस में ब्रिफिकेश में रखे छह लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। यही नहीं बदमाश ऑफिस से सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। डीवीआर साथ ले जाने के कारण पुलिस के लिए यह लूट किसी रहस्य से कम प्रतीक नहीं हो रहा है।
एसओ प्रेमनगर कुलदीप पंत ने कहा कि शुक्रवार को चौकीदार को साथ लेकर मौके पर क्राइम सीन भी दोहराया गया था, लेकिन क्राइम सीन में कहीं से ऐसा प्रतीक नहीं हो रहा है कि कोई आदमी बाहर से आया हो। ऑफिस के दरवाजों पर बाहर से कोई निशान नहीं हैं। रस्सी भी वहीं से उठाई गई। ब्रिफकेश और आलमारी का ताला तोड़ने के बजाय उन्हें खोला गया। इसके अलावा आसपास मौजूद लोग जिन्हें बंधक ने मौके पर बुलाया था। उन्होंने उसे खोलने के बजाए पहले मालिक को क्यों बताया। जबकि वह मौके पर बंधन खोलकर बता सकते थे। बताया कि फिलहाल मौके पर जो हालत और साक्ष्य हैं, वह लूट पहले से प्री प्लान लग रहा है। जांच जारी है, जल्दी ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।