एटीएम में आए दिन हो रहे फ्रॉड से परेशान पुलिस अब कार्रवाई के मूड में उतर गई है। पुलिस ने सोमवार को पटेलनगर क्षेत्र में तीन एटीएम पर ताला लगा दिया क्योंकि प्रबंधकों ने वहां सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात नहीं किए थे। इस मामले में पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को पहले ही नोटिस जारी कर चेतावनी दी थी। पुलिस मंगलवार को भी कई बैंकों के एटीएम को बंद कराने की तैयारी में है।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन फरवरी को अपने क्षेत्र के करीब 38 बैंकों के प्रबंधकों को नोटिस तामिल कराकर सुरक्षा के मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए थे। सीसीटीवी के अलावा हर एटीएम पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती करने को कहा था। एटीएम क्लोनिंग रोकने को नियमित रूप से चेकिंग की बात का उल्लेख भी नोटिस में किया था। नोटिस की 15 दिन की अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को पुलिस ने निरीक्षण किया तो कई बैंकों के एटीएम पर सुरक्षा गार्ड नहीं मिले।
इसके बाद पुलिस ने लालपुल स्थित पीएनबी के एटीएम, आईसीबीटी स्थित एक्सिस बैंक और कारगी चौक स्थित इंडीकेश बैंक के एटीएम बंद करा दिए। पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि बैंकों द्वारा कई बार अनुरोध किए जाने के बाद भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसी वजह से एटीएम क्लोनिंग और कार्ड बदलकर खातों से रकम उड़ाने की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं।