दून के पंडितवाड़ी चौकी प्रभारी देवी प्रसाद बहुगुणा की मौत हो गई। सोमवार रात चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों की टक्कर से देवी प्रसाद गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लगी थी गंभीर चोट
सिर में चोट लगने के बाद उन्हें नाजुक हालत में सिनर्जी अस्पताल ले जाया गया। हादसे में बाइक फिसलने से बाइक सवार युवक भी चोटिल हो गए। पुलिस की सुरक्षा में उनका इलाज चल रहा था।
कैंट थाने की पंडितवाड़ी चौकी प्रभारी देवी प्रसाद बहुगुणा सोमवार रात चौकी के सामने वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच प्रेमनगर की तरफ से आ रहे बाइक सवार युवकों को रोकने की कोशिश की। रफ्तार तेज होने के कारण बाइक चालक ने सड़क पर खड़े बहुगुणा को टक्कर मार दी।
बहुगुणा उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक सड़क पर घिसटते चले गए।
गंभीर घायल चौकी प्रभारी और दोनों युवक को सिनर्जी अस्पताल लाया गया, जहां बहुगुणा की हालत गंभीर बनी रही। हादसे की खबर पर एसपी सिटी अजय सिंह, सीओ सिटी मनोज कात्याल और कैंट इंस्पेक्टर अस्पताल पहुंचे। एसपी ने बताया कि चौकी प्रभारी बहुगुणा के सिर में गंभीर चोट आई थी।