पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि आज की सत्ता ने राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास तो किया मगर उन विकास कार्यों को अंजाम नहीं दिया, जो केदारपुरी की सुरक्षा और सुगमता के लिए आवश्यक हैं।
केदारनाथ के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश
हरीश ने कहा कि सुमेरु पर्वत के नीचे के प्रखंड से लेकर चौराबाड़ी तक प्रोटेक्शन ब्लॉक्स बनाकर ग्लेशियर फटने की स्थिति में बाढ़ से सुरक्षा की एक अति महत्वपूर्ण लेयर का निर्माण नहीं हुआ, जो कांग्रेस सरकार में प्रस्तावित था। न ही मंदाकिनी नदी से केदारपुरी का तल्ली लिंचोली तक हो रहे भूक्षरण को रोकने के प्रोजेक्ट पर काम हुआ।
भैरव मंदिर जिस पहाड़ी पर स्थित है, उस पहाड़ी में हो रहे क्षरण को रोकने के लिए भी कोई काम नहीं हुआ। गौरी कुंड के पुराने इतिहास को पुनर्स्थापित करने पर प्रस्तावित काम भी शुरू नहीं हो पाया। केदारनाथ जी के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश तो हो रही है, लेकिन इन तमाम कामों की ओर अब तक ध्यान नहीं दिया गया है।