केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री व भाजपा के गढ़वाल चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को उत्तरकाशी पहुंचकर बीजेपी कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनाव प्रचार की समीक्षा की।
यहां उन्होंने पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में कहा कि उत्तराखंड की जनता परिवर्तन चाहती है। उत्तराखंड के विकास की स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिम्मेदारी ली है। उत्तराखंड में डबल इंजन की सरकार बनने से प्रदेश के विकास को नया आयाम मिलेगा।
शनिवार को केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद प्रधान देहरादून से वाया हैलीकॉप्टर मातली हेलीपैड पहुंचे। यहां से वाया कार सीधे भटवाड़ी रोड़ स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय पहुंचे। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव प्रचार की समीक्षा की। उन्होंने कहा पुरोला से लेकर खटीमा तक 70 की 70 विधान सभाओं में उत्तराखंड की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड का पानी व जवानी बाहर नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा उत्तराखंड में परिवर्तन की लहर चल रही है और यहां की जनता विकास के नाम पर वोट देगी। उन्होंने कहा कि गंगोत्री से मां गंगा का आशीर्वाद गोपाल रावत को मिला तो भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का घर-घर प्रचार प्रसार करने का जोश भरा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रामसुंदर नौटियाल, स्वराज विद्वान, सुधा गुप्ता, किशोर चंद भट्ट, लोकेंद्र बिष्ट, बालशेखर नौटियाल, चंदन पंवार, विजय संतरी, विजयपाल मखलोगा आदि अनेक लोग मौजूद रहे।