रविवार को हरिद्वार के चेतन ज्योति आश्रम में रामकथा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के भाई पंकज मोदी क्या आए संतों ने रामकथा में मोदी का गुणगान शुरू कर दिया।
अपने बीच प्रधानमंत्री के भाई पंकज मोदी के आने से अभिभूत संत करीब दो घंटे तक मोदी चालीसा पढ़ते रहे। इस दौरान राम और उनकी कथा का जिक्र कम ही आया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पंकज मोदी ही ऐसे वक्ता रहे जिनके संबोधन में प्रधानमंत्री का नाम नहीं आया।
चेतन ज्योति आश्रम में चल रही रामकथा रविवार को संपन्न हो गई। समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी भी पहुंचे। अधिकतर वक्ताओं ने पंकज मोदी का परिचय प्रधानमंत्री के भाई के तौर दिया।
इस पर पंकज मोदी ने कहा कि ‘दिया गया परिचय मेरा नहीं हैं। मैं तो सिर्फ एक भक्त हूं। यही मेरा परिचय है’। उन्होंने अपने संक्षिप्त संबोधन में संतों का आभार जताया। उन्होंने एक बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अथवा केंद्र सरकार का जिक्र नहीं किया।