ऋषिकेश: मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पीएम की लंबी उम्र की कामन की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वीरभद्र मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से गंगा में दुग्धाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। गौरीशंकर घाट वीरभद्र रोड गली नंबर तीन में गंगा मां से प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की गई। इस मौके पर मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मां गंगा का दुग्ध अभिषेक किया। डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार हो रहा है।
आयुष्मान भव अभियान की प्रदेश में शुरुआत
प्रदेशभर में आयुष्मान भव अभियान की शुरुआत रविवार से शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में स्वास्थ्य और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण ने कमर कस ली है।
प्राधिकरण की ओर से अफसरों, कर्मियों को वेलनेस सेंटरों में स्वास्थ्य मेलों के आयोजन से लेकर आयुष्मान कार्ड व आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए गए। प्राधिकरण के अपर निदेशक प्रशासन अतुल जोशी ने बताया, सेवा पखवाड़े को लेकर प्रदेशभर में तैनात आयुष्मान की टीम को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रदेश में अभियान चलाकर उन लोगों के कार्ड बनाए जाएंगे, जिनके अभी तक नहीं बन पाए हैं।
सेवा पखवाड़े में आएंगे बेहतर परिणाम
राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. आनंद श्रीवास्तव ने बताया, आयुष्मान भव की सफलता के लिए प्राधिकरण को निर्देश दिए गए। जन कल्याण के इस कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही अक्षम है। प्रदेश में अभी तक 52.10 लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। साथ ही 58.65 लाख लोगों की आभा आईडी बन चुकी हैं। सेवा पखवाड़े के प्रयासों से परिणाम और बेहतर होंगे।
ये भी पढ़ें...अवैध संबंध की तालिबानी सजा: युवक की हत्या कर शव मकान की खूंटी पर टांगा, अब दुपट्टा खोलेगा पूरा राज
लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में आयुष्मान भव कार्यक्रम चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण अभियान होगा। प्रदेश के आखिरी छोर के व्यक्ति तक समुचित स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे। रक्तदान शिविर व स्वैच्छिक अंगदान शपथ से प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र का सामर्थ्य पहले कहीं अधिक सशक्त होगा। -डा. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री