केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हेली कंपनियों की मनमानी थम नहीं रही है। एडवांस बुकिंग के बाजवूद भी तीर्थयात्रियों को हेली सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को गंगोत्री, यमुनोत्री की यात्रा कर केदारनाथ के दर्शन को जा रहे कोलकाता और हावड़ा के तीर्थयात्रियों को एडवांस बुकिंग के बावजूद भी हेलीकॉप्टर सेवा का लाभ नहीं मिल पाया, जिससे तीर्थयात्री केदारनाथ के बजाय बदरीनाथ की तीर्थयात्रा पर निकल पड़े। बदरीनाथ यात्रा भी हाईवे के अवरुद्ध होने से रुकी हुई है। जिससे तीर्थयात्रियों को दर-दर भटकना पड़ रहा है।
शनिवार को गोपेश्वर पहुंचे श्री रामपुर कोलकाता पश्चिम बंगाल से अपने परिवार के साथ चार धाम की तीर्थयात्रा पर आये मानस कुमार मुखर्जी और केके मुखर्जी का कहना है कि उन्होंने बीते अप्रैल माह में फाटा से केदारनाथ धाम जाने के लिये एक निजी कंपनी की ओर से संचालित हेली सेवा की बुकिंग कराई थी।
बीती 19 मई को गंगोत्री व यमुनोत्री के दर्शन कर केदारनाथ की ओर रवाना हुए तो हेली कंपनी से केदारनाथ जाने के बारे में पूछा तो कंपनी के अधिकारियों की ओर से मौसम खराब होने का हवाला देकर बुकिंग रद्द करने की बात कही गई। जबकि केदारनाथ क्षेत्र इन दिनों धडल्ले से हेलीकाप्टर संचालित हो रहे हैं।
हावड़ा से परिवार के साथ केदारनाथ की यात्रा पर आये मुकेश पाटिल को भी फाटा में हेली सेवा का लाभ नहीं मिल पाया है, जिससे वे बदरीनाथ की यात्रा पर आ गए हैं। ऐसे ही कई अन्य तीर्थयात्री भी हेलीकॉप्टर कंपनियों की मनमानी से परेशान हैं।
इधर, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल का कहना है कि तीर्थयात्रियों द्वारा हेली कंपनियों द्वारा मनमानी की शिकायत मिली है। जिसकी जांच की जा रही है। जांच में मामला सही पाए जाने पर हेली कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही यात्रा व्यवस्था सुचारु कर ली जाएगी।