हरिपुर-कोटी-मीनस मार्ग पर खाई में पलटा पिकअप वाहन।
- फोटो : VIKAS NAGAR
कालसी। हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर डबल बैंड के पास सेब से लदा एक पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इससे वाहन सवार दो लोग घायल हो गए। दोनों को निजी वाहन से उपचार के लिए उप जिला अस्पताल विकासनगर में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार वाहन नेरवा से सहारनपुर जा रहा था। वाहन में कुल दो लोग सवार थे। वाहन में 117 पेटी सेब लदे हुए थे। डबल बैंड के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। इसके चलते वाहन गहरी खाई में जा गिरा। वाहन को खाई में गिरता देख आसपास सड़क से गुजर रहे लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन सवार दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। उन्हें निजी वाहन से उपचार के लिए उप जिला अस्पताल विकासनगर भेजा गया। घायलों की पहचान वकील अहमद और शहजाद दोनों निवासी सुल्तानपुर कुल्हारी लक्सर हरिद्वार के रूप में हुई।