प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने एलान किया कि पेट्रोल डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के विरोध में कांग्रेसी सड़कों पर उतरेंगे। उन्होंने कहा कि पांच जून राजधानी देहरादून में कांग्रेस मशाल जुलूस निकालेगी। प्रदेश भर में पार्टी मोदी सरकार के चार साल की नाकामी को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के चार साल उपलब्धियों के नहीं, बल्कि विश्वासघात के चार साल हैं।
प्रीतम सिंह बुधवार को कांग्रेस भवन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर तंज किया कि वह अच्छे दिन की बात तो कर रही है, लेकिन अच्छे दिन कब आएंगे, वह तारीख नहीं बता रही है। उन्होंने मोदी सरकार के चार साल के शासन को जनविरोधी करार दिया। उन्होंने कालाधन, बेरोजगारी, किसानों के कर्ज, आतंकवाद और जीएसटी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार जुमलेबाजों की सरकार बन कर रह गई है।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार में जो गैस सिलेंडर 377 रुपये में मिलता था, उसकी कीमत 800 रुपये के पार पहुंच गई है। पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। किसानों की कर्ज माफी को लेकर भी उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि उसने किसानों से धोखा किया है। सामरिक महत्व और विदेश नीति के मुद्दे पर उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश, पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल, हीरा सिंह बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसौनी, महानगर अध्यक्ष पृथ्वी राज सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा उपस्थित थे।