पौड़ी जिले के सतपुली में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। पुलिस ने पंजाब में निर्मित शराब का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। चेकिंग के दौरान सतपुली पुलिस ने पंजाब नंबर के एक ट्रक से 420 पेटी शराब जब्त की। वहीं चालक पुलिस को देख वाहन छोड़ फरार हो गया।
ट्रक चालक वाहन छोड़ कर भाग खड़ा हुआ। वाहन की जांच करने पर उसमें पंजाब में निर्मित फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश अंकित 420 पेटी पार्टी स्पेशल ब्रांड की शराब पायी गई। ट्रक को सीज कर अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी दलीप सिंह कुंवर द्वारा उक्त पुलिस टीम को 2500 रुपए नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सतपुली त्रिभुवन सिंह रौतेला, उपनिरीक्षक भरत सिंह चौधरी, हेड कांस्टेबल भीष्म शाह, मदन सिंह, रवि कुमार, मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल गुमखाल चौकी मोहन सिंह एवं अमित रावत शामिल थे।