पीजी में 419 अंकों के साथ अंकिता अव्वल
विवि की ओर से आयोजित पीजी की प्रवेश परीक्षा में दरभंगा (बिहार) के प्रभात चंद्र सिंह व मेनका सिंह की मेधावी पुत्री व पंतनगर विवि की कृषि स्नातक अंकिता ने 600 में 419 अंक प्राप्त कर टॉप किया। कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल) के पदमेश बुडाकोटी व नमिता बुडाकोटी के पुत्र सृजन बुडाकोटी ने 600 में 388 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं रामनगर (नैनीताल) के योगेंद्र सिंह व हंसी बिष्ट की पुत्री पल्लवी बिष्ट ने 600 में 377 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त करने में सफलता हासिल की है। डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि इस वर्ष की पीजी प्रवेश परीक्षा में 30 जुलाई को पंतनगर व देहरादून के एक-एक परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी जिसमें 1039 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसी तरह पीएचडी के लिए पंतनगर परीक्षा केंद्र पर 556 परीक्षार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में भाग लिया था।
स्नातक में 316, पीजी में 269 व पीएचडी में हैं 225 सीटें
विवि में प्रवेश पाने के लिए इस वर्ष भी 316 स्नातक, 269 पीजी व 225 पीएचडी की सीटों के लिए प्रवेशार्थी अपनी योग्यता के अनुसार प्रवेश हासिल करेंगे। डॉ. कुमार ने बताया कि बीटेक बायोटेक की 50 प्रतिशत सीटें इस बार पंतनगर विवि के माध्यम से भरी जाएंगी जबकि प्रत्येक वर्ष यह सीटें जेईई मेंस के माध्यम से भरी जाती रही हैं। वहीं पीजी के लिए विभिन्न कोर्सेज के लिए 269 सीटें और पीएचडी के विभिन्न कोर्सेस के लिए 225 सीटें रहेंगी।
56 पेड सीटें प्रदेश के बाहरी अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित
परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि विवि में इस वर्ष 56 पेड सीटें उत्तराखंड से बाहर के अभ्यर्थियों के लिए अलग से रखी गई हैं। 56 सीटों में 26 सीटें एग्रीकल्चर की, 16 सीटें वेटरिनरी, 10 सीटें कम्यूनिटी साइंस व चार सीटें फिशरीज साइंस की होंगी। इसमें अभ्यर्थी यदि वेटरिनरी में प्रवेश लेने का इच्छुक है तो उसे चार लाख रुपये प्रतिवर्ष खर्च करने होंगे। वहीं यदि वह कृषि स्नातक में प्रवेश लेता है तो उसे एक लाख प्रतिवर्ष तथा फिशरीज व कम्यूनिटी साइंस में प्रवेश लेता है तो उसे 50 हजार रुपये प्रतिवर्ष पेड करने होंगे।