पांवटा से तस्करी कर पेंगुलिन के खोल ले जा रहे एक व्यक्ति को पकड़ा गया है। एसटीएफ और हरबर्टपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में चेकिंग के दौरान प्रतिबंधित पेंगुलिन (सल्लू सांप) के करीब सात किलो शल्क (खोल) के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया
पकड़े गए शल्क की कीमत लाखों में बताई गई है। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव जंतु संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
एसटीएफ को सूचना मिली की पांवटा से तस्करी कर पेंगुलिन की खोल को हरिद्वार ले जाया जा रहा है। सूचना पर एसटीएफ के एसआई अमरचंद शर्मा ने हरबर्टपुर पुलिस की मदद से चौकी के बाहर दून-पांवटा हाईवे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान टीम को पांवटा की ओर से बाइक (एचपी-17ए-5915) आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक को रोक लिया। बाइक सवार की पहचान हेमराज पुत्र शफीक निवासी घुत्तनपुर भातनवाली पांवटा साहिब जिला सिरमौर हिमाचल के रूप में हुई। वह सपेरा है।
उसके पास मिले सफेद रंग के कट्टे की जांच की गई तो उसमें पेंगुलिन की शल्क मिले। वन विभाग के डिप्टी रेंजर आनंद रावत ने इसकी पुष्टि पेंगुलिन के शल्क के रूप में की।
तिमली के जंगल में मारे दो सल्लू सांप
पूछताछ में आरोपी ने तिमली वन रेंज में दो पेंगुलिन के शिकार की बात कबूल की। बरामद पेंगुलिन के शल्क वह हरिद्वार में एक नेपाली ग्राहक को बेचने जा रहा था।
पूछताछ के आधार पर एक टीम हरिद्वार रवाना हो गई है। पकडे़ गए शिकारी हेमराज ने उत्तराखंड के साथ ही हिमाचल, उत्तर प्रदेश, पंजाब और नेपाल के वन्य जीव तस्करों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। जिनके बारे में पता लगाया जा रहा है।