उत्तराखंड में पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की चुनाव समिति और प्रमुख पदाधिकारियों की रविवार को बैठक हुई। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पंचायत चुनाव को पार्टी पूरी गंभीरता से लेकर लड़ने जा रही है। पंचायत चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश के विकास में पंचायत व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका होती है । इसके दृष्टिगत भाजपा इस चुनाव को पूरी गंभीरता से लेती है। हमें इस चुनाव को लेकर जहां जन सेवा समर्पित प्रत्याशियों को आगे बढ़ाना है, वहीं चुनाव में विजय हेतु कार्य योजना भी तैयार करनी है।
पंचायत चुनाव को लेकर पार्टी ने पांच सदस्यीय समिति बनाई है, जिसे खास जिम्मेदारी दी गई है। इस समिति में प्रदेश के सहकारिता व उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल, प्रदेश उपाध्यक्ष पुष्कर सिंह धामी, पूर्व महामंत्री नरेश बंसल, नीरू देवी शामिल हैं। बैठक में समिति सदस्यों के अलावा प्रदेश सरकार में शिक्षा व पंचायतराज मंत्री अरविंद पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति ग़ैरोला, प्रदेश महामंत्री खजान दास, राजेंद्र भंडारी, अनिल गोयल व प्रदेश कार्यालय सचिव पुष्कर सिंह काला भी मौजूद रहे।
पंचायत जनाधिकार मंच ने रविवार को पंचायत आरक्षण प्रक्रिया को आगे खिसकाने पर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं। मंच के प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर संयोजक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि आरक्षण प्रक्रिया को इसलिए आगे खिसकाया गया है, ताकि सरकार के चहेते लोगों के हिसाब से आरक्षण का रोस्टर तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह नाकाबिले बर्दाश्त है और इसका पूरी ताकत से विरोध किया जाएगा।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में बिष्ट ने कहा कि परिसीमन काफी पहले हो चुका है, एक दिन पहले तक जो रोस्टर तैयार किए गए थे, वह पारदर्शी तरीके से किए गए थे, लेकिन अब इसलिए कार्यक्रम में संशोधन किया गया है कि सरकार अपनी मनमर्जी चला सके। उन्होंने कहा कि मंच ने संशोधन एक्ट की खामियों को लेकर हाईकोर्ट में रिट दायर की है। सरकार को मनमर्जी नही करने दी जाएगी। बैठक में मथुरा दत्त जोशी, राजेंद्र भंडारी, प्रेम बहुखंडी, अमरजीत सिंह, सुरेंद्र रांगड़, संजय भट्ट, श्यामलाल आर्य, दौलतराम डोभाल, अश्विन बहुगुणा, यशपाल चौहान, शांति रावत, सुरेंद्र सिंह रावत मौजूद रहे।