उत्तराखंड में टिहरी से करीब 25 किमी दूर पहाड़ों की नैसर्गिक सुषमा देखते ही बनती है। धनोल्टी यहां से 15 किमी दूर रह जाता है। दाईं ओर सौड़ गांव पर नजर जाती है जो सड़क से बहुत नीचे हैं, जहां महिलाएं सिर पर घास के गट्ठर लिए गांव की ओर जा रही हैं। ये महिलाएं खड़ी चढ़ाई से नहीं डरती। दो किमी दूर कुएं से पानी लाने में नहीं थकती।
गांव से दूर जंगल जाना उन्हें नहीं अखरता। वे तब भी नहीं बिखरतीं, जब दिनभर की मेहनत के बाद सुनती हैं कि तूने किया क्या। वह टूटी है गांव में फैली नशे की लत से। शराब जिसने गांव की सौंधी सुगंध छीन ली।