दुनिया का सबसे बड़ा पक्षी शुतुरमुर्ग (आस्ट्रिच) इसी महीने के अंत में मालसी डियर पार्क (चिड़ियाघर) की शोभा बढ़ाएगा।
इसका अंडा भी दुनिया के पक्षियों में सबसे बड़ा होता है। शुतुरमुर्ग का एक जोड़ा यहां चेन्नई से लाया जा रहा है। मालसी डियर पार्क में इसका आशियाना भी तय हो गया है। इसे ऐमू के बगल के बाड़े में रखा जा रहा है। सोमवार को डीएफओ पीके पात्रो ने शुतुरमुर्ग के बाड़े का निरीक्षण किया और व्यवस्था देखी।
शुतुरमुर्ग वैसे तो अफ्रीका मूल का पक्षी है, लेकिन अब यह भारत की आबोहवा में रच-बस गया है। देश के चिड़ियाघरों में इसकी आबादी बढ़ रही है। मालसी डियर पार्क में इसे चेन्नई स्थित तमिलनाडु वेटेनरी विश्वविद्यालय से यहां लाया जा रहा है।
इस संबंध में चिड़ियाघर और वेटेनरी विश्वविद्यालय प्रबंधन में राजीनामा हो गया है। प्रदेश में शुतुरमुर्ग पहली बार लाया जाएगा। डीएफओ पात्रो ने बताया कि शुतुरमुर्ग यहां के वातावरण में एडजस्ट कर लेगा।
उन्होंने बताया कि शुतुरमुर्ग यह आठ फुट ऊंचा होता है और इसका वजन सौ से डेढ़ सौ किलो के बीच होता है। यह दुनिया के पक्षियों में सबसे तेज भागता है। इसकी स्पीड 60 से 70 किमी प्रति घंटा होती है।
खतरे का अहसास होने पर शुतुरमुर्ग या तो वहीं जमीन पर सिर गड़ा लेता है या फिर बहुत तेज भागता है। इसके जमीन में सिर गड़ा लेने की कहावत भी प्रचलित है। विरोधी पर शुतुरमुर्ग अपने पंजों से हमला करता है।