फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आप मनाएंगे प्रिया, तारा, जोया संग न्यू ईयर?

Sat, 28 Dec 2013 11:25 AM IST
अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रिया, तारा, जोया... नामों की फेहरिस्त काफी लंबी है, लेकिन नए साल के जश्न की तैयारी में डूबे लोगों की भीड़ में ये नाम खास हैं। खास इसलिए कि इन नन्हे बच्चों के सिर पर अपनों का साया नहीं।
विज्ञापन


अनाथ आश्रम में पल-बढ़ रहे इन मासूमों के लिए वे ही अपने हैं, जो व्यस्त जिंदगी से कुछ पल चुराकर इनके बीच आते हैं। ऐसे लोगों के बीच कुछ देर रहकर ये बच्चे सारे जहान की खुशियां पा जाते हैं।

बच्चों को खिलखिलाने का मौका
नया साल भी एक ऐसा ही मौका है, जो इन बच्चों को खिलखिलाने का मौका देने वाला है। यही वजह है कि शहरभर के अनाथ आश्रमों में रह रहे सैकड़ों बच्चे न्यू ईयर की तैयारियों में जुटे हैं।
विज्ञापन


माजरा स्थित स्वद्धार आश्रम में रहने वाली प्रिया, तारा और जोया पहली बार यहां न्यू ईयर मनाएंगी। उन्हें नहीं मालूम कि यहां नया साल कैसे मनता है, लेकिन साथ की दूसरी बच्चियों से बातचीत में जो सुना है, उससे उनके सपने पंख फैलाने लगे हैं।

चिंटू, समरीन और दूसरे बच्चे आश्रम संचालिका के लिए सरप्राइज ग्रीटिंग बना रहे हैं। टीचर के आते ही वे हाथ में लिया कागज छिपाकर कमरे की ओर दौड़ जाते हैं।

आश्रम संचालिका कल्पना बताती हैं कि म्यूजिक सिस्टम खराब हो गया है। बच्चे दो दिन से पीछे पड़े हैं कि इसे जल्दी ठीक करवाइए। बताया कि आश्रम में केक काटकर न्यू ईयर सेलीब्रेट किया जाएगा।

दूसरी ओर टर्नर रोड स्थित अपना घर आश्रम में बच्चे केक सेलीब्रेशन और पटाखे छुड़ाने की तैयारी में हैं। अच्छी बात यह है कि कई लोग इन बच्चों के अकेलेपन का दर्द समझते हैं और खुशियों के कुछ पल बांटने उनके बीच आते हैं।

डीएवी कॉलेज में बीकॉम फर्स्ट ईयर की छात्रा कीर्ति जायसवाल, शिवानी चौधरी और संजना बताती हैं कि वे न्यू ईयर पर किसी अनाथ आश्रम में जाएंगी, बच्चों को चॉकलेट बांटकर सेलीब्रेट करेंगी। बताया कि घर से मिली पाकेट मनी से बच्चों को खुशियां देकर ही नए साल का मजा आएगा।

यहां लजीज लंच की तैयारी
मोहिनी रोड स्थित चैशायर होम में रहने वाले मानसिक रूप से कमजोर बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं के लिए न्यू ईयर पर स्पेशल लंच का आयोजन होने वाला है।

राजपुर रोड निवासी एक परिवार यहां नॉन वेज की व्यवस्था करेगा। आश्रम संचालिका ममता गुप्ता ने बताया कि कई लोग यहां न्यू ईयर सेलीब्रेशन करने आते हैं हालांकि पहले से कोई जानकारी नहीं देता। यह सब उसी दिन पता लगता है।

जो भी आएगा, खुशियां ही देगा
प्रेमधाम आश्रम में रहने वाली बुजुर्ग शकुंतला को नहीं पता कि इस बार न्यू ईयर पर कौन आएगा लेकिन वह जानती हैं कि जो भी आएगा, खुशियां ही देगा।

नाच-गाने, खाने के साथ ही गर्म कपड़े भी उन्हें मिलेंगे। विमला देवी भी इस दिन के इंतजार में है। वह कहती हैं कि मैं तो खूब डांस भी करती हूं। दिलीप कौर सहित अन्य बुजुर्गों को बेसब्री से न्यू ईयर, क्रिसमस जैसे मौकों का इंतजार रहता है।

इन्हें चाहिए न्यू ईयर पर चश्मा
चैशायर होम में रहने वाले मानसिक रूप से कमजोर एक बुजुर्ग यहां आने वाले हर व्यक्ति से चश्मा मांगते हैं। बृहस्पतिवार को भी वह यहां आए लोगों से नए साल पर चश्मा और मफलर लाने को कहते रहे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें