देहरादून में रायपुर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मुकदमे में जालसाजी से समझौता दर्शाने के आरोप में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मुकदमा पिछले साल फरवरी में कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ था। सुबूत जुटाकर पुलिस ने आरोपी को आईआरडी गेट से पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक रायपुर स्थित ऑडिनेंस फैक्ट्री में कार्यरत सुबोध कुमार निवासी आईआरडी कालोनी सुंदरवाला का अपनी पत्नी सारिका सैनी से विवाद चल रहा है। पत्नी ने 2015 में कोर्ट में दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा और भरण पोषण को लेकर वाद दायर किया था। आरोप है कि सुबोध कुमार ने पत्नी से समझौता होने की बात दर्शाकर कई लाख के भुगतान का दावा किया था।
सुनवाई के दौरान बतौर सुबूत चेक भी कोर्ट में पेश किया था, लेकिन सारिका ने किसी तरह का चेक अथवा भुगतान होने से इंकार किया था। कोर्ट के आदेश पर रायपुर पुलिस ने गत वर्ष फरवरी में सुबोध के खिलाफ धोखाधड़ी और दस्तावेजों में हेराफेरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोहर सिंह रावत ने बताया कि विवेचना के दौरान पाया था कि सुबोध ने साजिश के तहत पत्नी के नाम पर एसबीआई बैंक का एक चेक जारी किया। पत्नी को चेक देने के बजाय आरोपी ने साठगांठ कर बैंक से चेक का भुगतान भी करा लिया।
चेक पर हुए हस्ताक्षर के हस्तलेख का मिलान कराया गया तो वह फर्जी पाया गया। धोखाधड़ी पुष्ट होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।